पुंछ। एक तरफ जहां सरकार और शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी करने एवं सरकारी स्कूल में सुविधाओं में विस्तार करने के प्रयास कर रहा है। साथ ही आए दिन सरकारी शिक्षकों को अपनी सेवाओं को नियमित तौर पर एवं अनुशासनिक तरीके से अंजाम देने के आदेश जारी किए जा रहे है।
बावजूद इसके जिले में कई क्षेत्रों में विशेष कर ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी सरकारी स्कूलों में लापरवाही और मनमर्जी से स्कूल खोलने बंद करने के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बुधवार को दोपहर बाद तीन बजे उपजिला मेंढर में उस समय सामने आया जब जिले के उपमुख्य शिक्षा अधिकारी मोहम्मद लतीफ चौधरी मेंढर शिक्षा जोन के डराना क्षेत्र स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल बरीला में नियमित दौरे पर पहुंचे तो उन्होंने स्कूल में ताले लटके पाए और स्कूल में किसी भी शिक्षक एवं विद्यार्थी को नहीं पाया। इसके उपरांत उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जोनल शिक्षा अधिकारी मेंढर पूर्णचंद को इस मामले पर कार्रवाई करने के आदेश दिए।