पुंछ। जिले के मंडी एवं साथरा शिक्षा जोन के स्कूलों में बुधवार को शिक्षा निदेशक की ओर से जारी कैलेंडर के तहत लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें दोनों जोन के आधा दर्जन शिक्षा संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। छात्रों ने गोजरी, पहाड़ी व कश्मीरी लोक गीत, लोक नृत्य प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
इसी के तहत वीरवार को शिक्षा निदेशक जम्मू के बैनर तले मंडी साथरा जोन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी की निगरानी में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता लड़कों के हायर सेकेंडरी स्कूल मंडी के प्रधानाचार्य व जोनल शिक्षा अधिकारी साथरा रशपाल सिंह ने की। जिला शिक्षा योजना अधिकारी नरेंद्र मोहन सूरी मुख्य अतिथि रहे और कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में हायर सेकेंडरी स्कूल गर्ल्स मंडी की प्रधानाचार्य अंजू रिषी और हायर सेकेंडरी स्कूल सावजियां के प्रधानाचार्य अनवार खान की सराहना करते हुए कहा कि दूरदराज के शिक्षा संस्थानों में प्रतिभाओं की खोज व उनको मंच प्रदान करने के लिए यह बहुत ही बेहतर कदम है। इस पूरे आयोजन की देखरेख तैयारी में शिक्षक मोहम्मद इमरान खान, अकबर अली बांडे, सज्जाद हुसैन शाह, डीआईसीसी पुंछ युगल किशोर, दुष्यंत, प्रदीप और सुप्रिया शर्मा ने अहम भूमिका निभाई।