मेंढर। उपजिले के जनरल बस अड्डे से बींबर गली की ओर जाने वाली सड़क की खस्ता हालत को लेकर इस पर सफर करने वाले लोगों में प्रशासन, ग्रेफ और सरकार के प्रति काफी रोष व्याप्त है।
इस सड़क से गुजरने वाले ड्राइवर भी इसकी जर्जर हालत से काफी परेशान हैं। इसी सड़क से जम्मू राजोरी भी जाया जाता है। ड्राइवरों का कहना है कि जम्मू से मेंढर उनका आना जाना अक्सर लगा रहता है। लेकिन, इस मार्ग पर सिर्फ बींबर गली से लेकर मेंढर तक ही दिक्कत आती है। मेंढर से बींबर गली तक का करीब 23 किलोमीटर रास्ता है। यह रास्ता काफी जोखिम भरा है, और सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि किसी भी समय दुर्घटना का भय रहता है। इसलिए, समय भी ज्यादा लगता है, और डर भी बना रहता है।
उधर, स्थानीय लोगों का भी सरकार के प्रति यही रवैया है। उनका कहना है कि कई बार उन्होंने इसकी मरम्मत के लिए आवाज उठाई है, मगर किसी ने भी इतनी महत्वपूर्ण सड़क की सुध नहीं ली। स्थानीय वासियों मुहम्मद अगराज, मुहम्मद अबास, गुल सैद, अब्दुल खालिक का कहना है कि बींबर गली से मेंढर तक एक और सड़क निकाली गई थी, लेकिन उस पर भी काम रुका पड़ा है। कुल मिलाकर लोगों को सड़क की खस्ता हालत से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन सभी ने सरकार, जिला प्रशासन, मेंढर प्रशासन और ग्रेफ से इसकी मरम्मत की गुहार लगाई है।