पुंछ। सेना की इंजीनियर रेजिमेंट ने मेंढर सब डिवीजन के गांव नाड़ मनकोट में पाकिस्तानी गोलाबारी में बिना फटे रह गए गोलों को विस्फोट कर नष्ट कर दिया। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
पिछले कई दिनों से पाकिस्तान की तरफ से नियंत्रण रेखा पर लगातार गोलाबारी की जा रही है। पिछले तीन दिनों से मनकोट क्षेत्र में सैन्य चौकियों के साथ रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया जा रहा है। इस दौरान कई गोले गांव नाड़ मनकोट में लोगों के घरों के आसपास खेतों में गिरे थे और बिना फटे जमीन में धंस गए थे। इससे ग्रामीण काफी दहशत में थे। उन्होंने इसकी सूचना सेना को दी। इसके बाद सेना की इंजीनियर रेजिमेंट की टीम गांव पहुंची और बिना फटे रह गए गोलों को विस्फोट कर नष्ट किया। जमीन में धंसे गोले आसपास खुदाई कर नष्ट किए गए।
बता दें, नियंत्रण रेखा के आसपास अकसर इसी प्रकार पाकिस्तानी सेना की तरफ से दागे गए गोले बिना फटे पड़े रह जाते हैं जिनसे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ से विस्फोट होने पर अकसर बच्चे अथवा मवेशी अपनी जान गंवा बैठते हैं।