पुंछ। हमारी कला से तो बीमार भी स्वस्थ हो जाते हैं। हम तो हर किसी को हसाने का काम करते हैं। फिर भी न जाने क्यों कश्मीर में हम कलाकारों को ही निशाना बनाया जा रहा है। हमें नहीं समझ आता है कि हमारा क्या कसूर है।
यह कहना है कश्मीर घाटी से पुंछ में दो दिवसीय सांस्कृतिक एवं शिल्प उत्सव में भाग लेने आए कलाकारों आबिदा, आमीर, समीरा आदि का, जो शनिवार को संवाद न्यूज एजेंसी से बात कर रहे थे। इन कलाकारों का कहना है कि पुंछ में माहौल बड़ा ही अच्छा है। किसी प्रकार का तनाव नहीं है। यहां अमन है, कश्मीर में तो माहौल अच्छा नहीं है। चंद दिन पहले एक टीवी कलाकार की उसके घर में घुस कर गोली मार कर हत्या कर दी गई। इससे हर कोई डरा हुआ है। क्योंकि वहां आम लोगों के साथ ही अब हम जैसे कलाकारों पर भी हमले हो रहे हैं। हमने किसी का क्या बिगाड़ा है। हम तो अपनी कला का प्रदर्शन कर लोगों का मनोरंजन करते हैं। हमारा किसे से कोई वास्ता नहीं है, फिर हमारे साथ ऐसा क्यों हो रहा है। अब तो कश्मीर में कोई कलाकार खुल कर अपनी कला का प्रदर्शन भी नहीं कर पा रहा है।
हमारा उन लोगों से निवेदन है कि खुदा के वास्ते यह सब बंद करो। कश्मीर में अमन आने दो, हम कश्मीर में अमन चाहते हैं। ताकि पुंछ की तरह वहां भी हर कलाकार बेखौफ होकर अपनी कला का प्रदर्शन कर सके। पुंछ के लोगों की प्रशंसा करते हुए इन कलाकारों का कहना है कि यहां के लोग काफी अच्छे हैं। सभी ने हमारी कला की सराहना की है। बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम को देखने आए हैं। सबसे बड़ी बात हमें यहां का अमन पसंद आया है।