पुंछ में नेहरू युवाकेन्द्र की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में लोकगीत गाते युवा
- फोटो : POONCH
पुंछ। नेहरू युवा केंद्र ने सामाजिक संगठन सर सैयद एजुकेशन मिशन के सहयोग से सोमवार को डाक बंगला में जिला स्तरीय लोकगीत गायन एवं युवा सम्मेलन का आयोजन किया। इसमें सैकड़ों की संख्या में युवक एवं युवतियों ने भाग लेते हुए पहाड़ी, गोजरी, कश्मीरी आदि लोक भाषाओं में एकल एवं सामूहिक गीत प्रस्तुत करते हुए गायन कला का प्रदर्शन किया। सम्मेलन में युवाओं से जुड़ी समस्याओं एवं उनके निवारण पर विचारों का आदान प्रदान किया गया।
लोकगीत गायन में उद्घोषक एवं टीवी कलाकार प्रदीप खन्ना, लोक गायक एवं सरस्वती संगीत कला केंद्र के खुर्शीद राथर और डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर एवं पहाड़ी, गोजरी लेखक एवं शायर फतेह मोहम्मद अब्बासी निर्णायक रहे। मुख्य अतिथि ताजीम अख्तर ने नेहरू युवा केंद्र के युवाओं को सही दिशा में लगाने के प्रयास की सराहना करते हुए बल दिया कि युवाओं की शक्ति को सही दिशा में लगाया जाए। युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित किए जाने वाले हर कार्यक्रम में वह अपना पूरा सहयोग देंगी।
उधर नेहरू युवा केंद्र की तरफ से युवाओं को गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए अवसर प्रदान करने के लिए लोकगीत गाने के शौकीन युवाओं ने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कराने की मांग की। इसपर अशफाक अहमद, डॉक्टर सरफराज अहमद मीर, डीडीसी अध्यक्ष ताजीम अख्तर, सुरजन सिंह, मोहम्मद फरीद मलिक आदि मौजूद रहे।