पुंछ के डेरा संतपुरा नंगाली साहब में बैसाखी के अवसर पर उपस्थित संगत
- फोटो : POONCH
पुंछ। नियंत्रण रेखा से सटे पुंछ में वैसाखी का त्योहार और खालसा पंथ सृजन दिवस बड़े ही श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के गुरुद्वारों में तीन दिन से चल रहे गुरुग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का भोग डाला गया। साथ ही कीर्तन दरबार सजाए गए।
हर वर्ष की ही तरह जिले में वैसाखी का मुख्य आयोजन जिला मुख्यालय से छह किलोमीटर दूर गांव नंगाली स्थित प्राचीन सिख धाम डेरा संतपुरा में आयोजित किया गया। इसमें डेरे के महंत संत भाई मंजीत सिंह की देखरेख में वैसाखी एवं खालसा सृजन दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में सिख संगत के अलावा हिंदू एवं मुस्लिम समुदाय के लोगों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लेते हुए गुरुद्वारा में माथा टेका और कीर्तन का श्रवण किया।
कोरोना के चलते इस बार डेरा संतपुरा नंगली साहिब में वैसाखी मेले का आयोजन नहीं किया गया। गुुरुद्वारा में आने वाले श्रद्धालुओं को कोरोना से बचाव के सभी उपायों को अपनाने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा था। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यकारी प्रधान नरेंद्र सिंह का कहना था कि कोरोना के चलते इस बार डेरा नंगाली साहिब में वैसाखी का मेला आयोजित नहीं किया गया।