पुंछ। गत वर्ष की ही तरह इस बार भी नवरात्र पर कोरोना महामारी का असर जारी रहेगा। इसके चलते किसी भी प्रकार के बड़े उत्सव का आयोजन नहीं किया जाएगा। इस बार भी मुख्य बाजार स्थित प्राचीन कालिका माता मंदिर में नवरात्र में शाम को की जाने वाली महा आरती का आयोजन नहीं किया जाएगा। मंदिर में नवरात्र के लिए विशेष पूजा अर्चना करने के लिए आने वालों को मास्क, सैनिटाइजर और सामाजिक दूरी का पूरी तरह पालन करना होगा।
इस सबके चलते माता के भक्तों को इस बार मंदिर में बहुत ही कम समय रुकने को मिलेगा। हालांकि नगर के अन्य मंदिरों की तरह कालिका माता मंदिर को नवरात्र के सिलसिले में दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। कालिका माता मंदिर के पुजारी स्वामी वृंदरबन का कहना है कि कोरोना को देखते हुए इस बार भी महा आरती नहीं की जाएगी। बिना मास्क के किसी भी भक्त को मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मंदिर आने वाले हर श्रद्धालु को सामाजिक दूरी का पालन करते हुए प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग कतारें लगाई जाएंगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी आग्रह किया है कि वह कोरोना से बचाव के लिए सरकारी निर्देशों का पालन करते हुए मंदिर में आएं।