पुंछ। इन दिनों पुंछ जिले में आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की लाभार्थी साइबर अपराधियों के निशाने पर हैं। इनसे साइबर अपराधी ऑनलाइन धोखाधड़ी कर रहे हैं।
इसका खुलासा बुधवार को हुआ, जब साइबर अपराधियों ने पुंछ की स्वास्थ्य सेवाओं की छह लाभार्थियों के खातों से एक लाख 16 हजार 353 रुपये उड़ा लिए। ये अपराधी आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से जच्चा-बच्चा योजनाओं की लाभार्थी के मोबाइल नंबर लेकर आशा कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों का काॅन्फ्रेंस काॅल पर खुद को स्वास्थ्य अधिकारी बताते हुए उनके खाते में सरकारी पैसे डालने की बात करते हुए झांसा देते हुए उनके खातों से पैसे उड़ा लेते हैं। गांव डींगला की एक लाभार्थी के खाते में 1400 रुपये डालने के नाम पर उसके खाते से 25 हजार 803 रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद उसने अपने परिजनों से इस बात को साझा किया तो वे आशा कार्यकर्ता को लेकर सीएमओ कार्यालय पहुंचे। कुछ ही क्षणों में पांच अन्य शिकयतें लेकर कुछ अन्य आशा कार्यकर्ता पहुंचीं। इनमें गांव चकतरों में एक लाभार्थी के खाते से 1500, गांव सलोत्री से एक लाभार्थी के खाते से 66000, गांव चंडक से 12500, वनवत से पांच हजार और गुलपुर से लाभार्थी के खाते से चार हजार रुपये ऑनलाइन धोखाधड़ी से निकाले जाने के मामले सामने आए। इसके बाद सीएमओ पुंछ डॉक्टर परवेज अहमद खान ने आनन फानन में अपने कार्यालय में ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाली स्वास्थ्य कर्मियों और आशा वर्कर्स की बैठक बुलाकर उन्हें साइबर अपराधियों की इस धोखाधड़ी के बारे में जागरूक करने और फोन पर किसी भी लाभार्थी की डिटेल शेयर न करने के निर्देश दिए।