पुंछ। गृह मंत्रालय की तरफ से लॉकडाउन चार में रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन के लिए नई एसओपी जारी होने से ग्रीन जोन में पिछले लॉकडाउन में जारी पाबंदियों में कई प्रकार की छूट देने के निर्देश हैं। जिले के ग्रीन जोन में होने के बावजूद भी लॉकडाउन चार में प्रशासन की तरफ से पाबंदियों में बड़ा बदलाव नहीं होगा। क्योंकि जिले में कोरोना के तीन मामले सामने आने के बाद प्रशासन एवं पुलिस ने अधिक सख्ती करनी शुरू कर दी गई है। उपायुक्त राहुल यादव का कहना है कि नए निर्देश के बारे में बुधवार को फैसला लिया जाएगा।
गौरतलब है कि कोरोना के तीन मामलों के बाद सोमवार देर शाम को ही जिला मजिस्ट्रेट की तरफ से जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में केवल सब्जी, किराना, मांस, मछली और दूध दही की ही दुकानों को खोलने के अनुमति देने के साथ ही उनका समय भी पांच घंटे से घटा कर चार घंटे कर दिया गया है। कई दिन से खुल रही कपड़ा, रेडीमेड, कॉस्मेटिक्स, नाई की दुकानों, इलेक्ट्रानिक्स, मोबाइल और ब्यूटी पार्लर को पूरी तरह बंद रखने के आदेश थे। वहीं आटोमोबाइल रिपेयरिंग, वर्कशाप पहले वीर, शुक्रवारएवं शनिवार को सुबह दस से शाम चार बजे तक खोली जाती थी, उन्हें सोमवार से बुधवार तक खोलने के निर्देश जारी किए गए हैं। मंगलवार को दिन भर प्रशासन एवं पुलिस की तरफ से लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने के लिए कड़े कदम उठाए गए थे। जहां मेंढर में पूरी तरह दुकानों को बंद रखवाया गया।
इस बीच डीएसपी हेडक्वार्टर की अगुवाई में बिना अनुमति के सड़क पर चल रहे करीब एक दर्जन वाहनों को सीज कर थाने पहुंचाया गया।