पुंछ। कोरोना कर्फ्यू के बाद जिले में दोबारा से अनलॉक डाउन शुरू होने के साथ ही बैंकों के बाहर सामाजिक दूरी की धज्जियां उढ़ाई जा रही हैं। तककरीब हर बैंक के बाहर भारी भीड़ जुट रही है। कतार में खड़े लोग घंटों एक दूसरे से सटे खड़े नजर आते हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं होती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से ही अधिक संख्या में लोग नगर अथवा कस्बों के बैंकों में पहुंचते हैं।
बैंकों के बाहर हर दिन सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाए जाने से लोगों में रोष हैं। लोगों का कहना है कि अभी जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में कुछ कमी आई है। ऐसे में अगर बैंकों के बाहर हर दिन इसी प्रकार की भीड़ लगती रहेगी तो संक्रमण के मामलों में जो कमी आई है वह फिर बढ़ जाएगी। उधर बैंकों के बाहर जुटी भीड़ में एक दूसरे के साथ चिपक कर खड़े होने वाले लोगों का कहना है कि क्या करें। अगर हम एक दूसरे से दूरी बना कर खड़े होते हैं तो कुछ लोग बीच में घुस आते हैं। इससे बचने के लिए हमें ऐसे साथ-साथ खड़ा होना पड़ता है ताकि कोई बीच में न घुस पाए। इतना ही नहीं इन लोगों का कहना है कि माह की पहली तारीख होने के कारण घर का सामान खरीदने के लिए हर किसी को बैंक से पैसे निकालने के लिए आना पड़ता है। इसके कारण भीड़ अधिक जुट रही है।