पुंछ। एसएसपी पुंछ डॉ विनोद कुमार के निर्देशों पर मंडी पुलिस की तरफ से शुक्रवार को क्षेत्र के जरूरतमंदों में राशन और खाने पीने का सामान वितरित किया गया। पुलिस से सहायता मिलने पर लोगों ने उनकी बहुत प्रशंसा की।
जम्मू कश्मीर पुलिस कोरोना महामारी के दौरान जरूरतमंदों के लिए वी केयर यू अभियान चला रही है। इसी के अंतर्गत मंडी में एसएचओ मोहम्मद बशीर कोहली की अगुवाई में पुलिस ने बाहरी राज्यों से काम के लिए आए मजदूरों, गरीबों और जरूरतमंदों में राशन और खाने पीने का सामान वितरित किया। इसके साथ ही लॉकडाउन के दौरान बाहर न निकलने और कोरोना से बचाव के उपायों को अपनाने का आग्रह करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहायता करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों का कहना था कि लॉकडाउन में लोगों को भूखे न सोना पड़े और बाहर न निकलना पड़े, इसलिए यह राशन दिया गया है। पुलिस से सहायता पाकर लोगों ने कहा कि इस कोरोना महामारी में लॉकडाउन के दौरान पुलिस और कई सामाजिक संगठनों की तरफ से हर प्रकार की सहायता की जा रही है। इससे ही भर पेट भोजन कर पा रहे हैं।