पुंछ। अब पुंछ नगर में कोरोना संक्रमण से मरने वालों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए शमशान घाट अथवा कब्रिस्तान पहुंचाने के लिए घंटों एंबुलेंस मिलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बल्कि एक फोन काल पर पुलिस कोरोना संक्रमितों के शवों के अंतिम संस्कार के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराएगी।
मंगलवार को पुलिस की तरफ से एसएसपी डॉ. विनोद कुमार और डीएसपी डीआर सचिन गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों के प्रयास से कोरोना संक्रमण से मरने वालों के शवों को अंतिम संस्कार तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस सेवा का शुरू की है। इसके लिए कोरोना संक्रमण से मरने वाले के परिजनों को 100 नंबर अथवा 01965220258, 9086253188 पर संपर्क करना होगा। इसके कुछ ही समय बाद पुलिस की एंबुलेंस राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल अथवा जहां संक्रमित व्यक्ति का शव होगा वहां पहुंच जाएगी। पुलिस की इस पहल का पुंछ के लोगों ने स्वागत किया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति की मौत के बाद घंटों उसका शव लेकर परिजन अस्पताल में एंबुलेंस मिलने का इंतजार करते रहे। इसके बाद अस्पताल में हंगामा होने और उस मामले के मीडिया में आने के बाद लोगों में संक्रमितों के संस्कार के लिए तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग उठने लगी थी। इसके चलते चंद रोज पहले पुंछ दौरे पर आए एडीजीपी मुकेश कुमार सिंह के साथ सिविल सोसायटी की बैठक में भी एंबुलेंस का मुद्दा उठा था, जिसके बाद उनके निर्देश पर पुलिस की तरफ से यह पहल शुरू की गई है। ताकि कोरोना संक्रमितों की मौत के बाद उनका जितनी जल्दी हो सके अंतिम संस्कार किया जा सके।