पुंछ। जल्दी ही जिले के श्रम विभाग में पंजीकृत 12010 कामगारों को भी केंद्र सरकार की तरफ से कोरोना राहत राशि मिलेगी। इसका उपराज्यपाल की तरफ से सभी उपायुक्तों को पैसा जारी कर दिए जाने के बाद मंगलवार को उपायुक्त ने सहायक श्रम आयुक्त आबिद जाफरी को पैसों का आदेश पत्र सौंपा। इसके आधार पर एक दो दिन में पंजीकृत कामगारों के बैंक खातों में एक-एक हजार रुपये डाल दिया जाएगा।
कामगारों ने सरकार का धन्यवाद अदा करते हुए इस राहत राशि को बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि एक हजार रुपये में आज महंगाई के दौर में कुछ नहीं बनता है। गौरतलब है कि देश भर की तरह जिले में भी लगातार कोरोना संक्रमण के मामलों में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए काफी समय से चल रही कई प्रकार की पाबंदियों और लॉकडाउन के बीच केंद्र सरकार की तरफ से मेहनत मजदूरी कर पेट भरने वाले पंजीकृत मजदूरों को एक-एक हजार रुपये देने की घोषणा की थी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की तरफ से भी पंजीकृत कामगारों के बैंक खातों में एक-एक हजार रुपये डालने के आदेश जारी किए थे। इसे अमली जामा पहनाना शुरू कर दिया गया है।