पुंछ। नगर स्थित राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में मंगलवार को सुबह स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का नजारा देखने को मिला। जब अस्पताल में खड़े वाहनों के पास एक इस्तेमाल की गई पीपीई किट खुले में पड़ी नजर आई। इसको लेकर अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों सहित अस्पताल में आने वाले लोगों में रोष व्याप्त हो गया।
लोगों ने आरोप लगाया कि जब पूरा देश कोरोना संक्रमण से त्रस्त है। लोगों को खुले में थूकने तक से रोका जा रहा है। गलती से थूकने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाती है, और जिला अस्पताल में इस प्रकार खुले में इस्तेमाल कर फेंकी गई पीपीई किट कितना संक्रमण फैला रही होगी। इसका कुछ पता नहीं है। लोगों के रोष की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल कर्मचारियों ने आनन-फानन में उस पीपीई किट को वहां से हटा दिया। इस बारे में अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर मुश्ताक हुसैन का कहना था कि हमें जानकारी मिली तो हमने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है कि यह पीपीई किट कहां से किसने फेंकी है। जिसने भी इस प्रकार की लापरवाही बरती है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि हमने पहले से ही पीपीई किट्स और इस प्रकार की अन्य वस्तुओं को किसी प्रकार कहां कैसे रखना है। इसका प्रशिक्षण दे रखा है और प्रयोग में लाई गई पीपीई किट्स के लिए अलग से डस्टबिन उपलब्ध करा रखे हैं। हम इस प्रकार की लापरवाही को सहन नहीं करेंगे।