पुंछ। नगर स्थित राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में मंगलवार को कोरोना संक्रमित करार दिए गए एक मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की तरफ से मृतक के शव को कोविड नियमों के अनुसार पैक कर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया, लेकिन अस्पताल प्रशासन की तरफ से शव को ले जाने के लिए एंबुलेंस प्रदान नहीं की गई। इसके चलते घंटों शव अस्पताल के बाहर स्ट्रेचर पर पड़ा रहा।
मृतक के परिजनाें और रिश्तेदारों में इसको लेकर रोष उत्पन्न हो गया और वह अस्पताल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की तरफ से एंबुलेंस प्रदान कर शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया। अस्पताल पहुंचे लोगों में शामिल जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव सुरजन सिंह ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तो मृतक को खांसी जुकाम की शिकायत पर अस्पताल में लाया गया। जहां पर उसे सीधे कोविड वार्ड में भेज दिया गया। उसके बाद घंटों तक शव यहां पड़ रहा, लेकिन एंबुलेंस की कोई व्यवस्था नहीं की गई। सुरजन सिंह ने जिला प्रशासन और अस्पताल प्रशासन से मांग की कि कोविड वार्ड के बाहर अलग से एक स्थायी एंबुलेंस तैनात की जाए जोकि किसी भी संक्रमित की मौत के फौरन बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए पहुंचाए। क्योंकि इस प्रकार किसी संक्रमित का शव घंटों पड़े रहने से लोगों में भय पैदा होता है।
जिला अस्पताल के अधिकारियों का कहना है हमारे पास पर्याप्त मात्रा में एंबुलेंस हैं। एंबुलेंस भेजने में कुछ समय लगता और हमने समय पर ही एंबुलेंस उपलब्ध करा दी थी।