पुंछ। जिला प्रशासन की तरफ से जिले में तेजी से सामने आ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए जिले भर में कोरोना संक्रमितों के लिए 470 बिस्तर की कोविड केयर हेतु व्यवस्था की गई है। इसमें जिला अस्पताल सहित सभी उपजिला अस्पतालों में करीब सौ बिस्तर की व्यवस्था की गई है। इसमें राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में 40, जबकि मेंढर और सुरनकोट में 30-30 बिस्तर की व्यवस्था की गई है।
इसके अतिरिक्त गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल शीश महल में 70 बिस्तर, लड़कों के हायर सेकेंडरी स्कूल सुरनकोट में 100 बिस्तर, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र नंगाली साहब में 10 बिस्तर, लड़कों के हायर सेकेंडरी स्कूल मेंढर में 50 बिस्तर, गुज्जर बक्करवाल गर्ल्स हॉस्टल बनवत में 70 बिस्तर और गुज्जर बक्करवाल ब्वॉयज हॉस्टल में 70 बिस्तर का कोविड केयर सेंटर स्थापित किया गया है। ताकि आपातकाल में कोरोना संक्रमितों को जिन्हें होम आईसोलेशन के स्थान पर चिकित्सकीय आईसोलेशन की जरूरत पड़े उन्हें इन स्थानों पर रखा जा सके।
जनरल मैनजर इंडस्ट्री जाकिर हुसैन को सभी कोविड केयर सेंटर का इंचार्ज बनाया गया है। जबकि सीएमओ, एसडीएम मेंढर एवं सुरनकोट और सभी तहसीलदारों को कोविड केयर सेंटर कमेटी का सदस्य बनाया गया है। जो इन केंद्रों में सभी प्रकार की व्यवस्थाएं देखेंगे। इसके साथ ही उपायुक्त इंद्रजीत ने एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पीडीडी और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पीएचई को सभी कोविड केयर सेंटरों में 24 घंटे बिजली पानी की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं।