पुंछ। मेंढर सब डिवीजन में कोरोना से एक महिला की मौत हो गई। यह कस्बे में कोरोना से किसी महिला की पहली मौत होने का मामला है। जिले में कोरोना से मौत का आंकड़ा 12 पहुंच गया है। कस्बे में कोरोना से महिला की मौत होने के बाद प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मृतका के बेटों ने सरकारी निर्देशों का पालन करते हुए पीपीई किट्स एवं अन्य सुरक्षा साधनों का प्रयोग करते हुए उसका अंतिम संस्कार किया।
इस बारे में बीएमओ डॉ. परवेज अहमद खान ने बताया कि शनिवार शाम को मेंढर कस्बे से एक वृद्ध महिला को खांसी, जुकाम और दम घुटन की शिकायत पर अस्पताल में लाया गया। जहां उसका कोरोना का टेस्ट करने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद महिला को तुरंत कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर दिया गया। जहां रात भर उसको ऑक्सीजन पर रखा गया। इस दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।