-राष्ट्रीय राजमार्ग पर तारकोल बिछाने के कार्य का भी किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। डीसी विकास कुंडल ने सोमवार को जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर तारकोल बिछाने के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरनकोट तहसील में पोठा बाइपास पर निर्माणाधीन पुल का भी दौरा किया। उन्हों ने कार्य की गुणवत्ता का आकलन किया। एजेंसियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी कुंडल ने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड पर तारकोल कार्य के लिए निष्पादन और उपयोग की जाने वाली सामग्री में उच्च मानकों को बनाए रखने के पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों और निष्पादन एजेंसियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग पुंछ के लोगों के लिए एक जीवन रेखा है। यह संपर्क, सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए सुचारू और टिकाऊ सड़क बुनियादी ढांचा है। देरी या घटिया काम के लिए कोई जगह नहीं है। डीसी ने निष्पादन एजेंसी को सुरक्षा और इंजीनियरिंग मानकों को ध्यान में रखकर पोठा बाइपास पर पुल का काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने साइट इंजीनियरों और श्रमिकों से बातचीत कर उनको मानसून के तेज होने से पहले परियोजना को पूरा करने का आग्रह किया। डीसी के साथ एसडीएम सुरनकोट फारूक खान, बीआरओ के वरिष्ठ अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी भी थे।