ज्यौड़ियां/पुंछ। पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को एलओसी पर जम्मू व पुंछ जिले के तीन सेक्टरों में भारी गोलाबारी की। अग्रिम चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। 120 एमएम तक के मोर्टार दागे गए। इसमें दो जवान घायल हो गए। आधा दर्जन से अधिक मवेशी घायल हो गए। सेना की जवाबी गोलाबारी में पाकिस्तानी सेना की एक पोस्ट तबाह हो गई। इसमें कई पाकिस्तानी सैनिकों के घायल होने की सूचना है। पाकिस्तानी क्षेत्र में आग की लपटें और धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा था।
जम्मू जिले के पलांवाला सेक्टर के बट्टल क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बजे के करीब पाकिस्तानी सेना ने सेना की चौकियों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। इसमें सेना के दो जवान सिपाही कादर खान और नायक बिताल सानसी घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सेना के अखनूर स्थित अस्पताल ले जाया गया। सेना की जवाबी कार्रवाई में उस पार पाकिस्तानी सेना की एक पोस्ट तबाह हो गई।
वहीं, पुंछ में मंगलवार सुबह करीब 4.30 बजेे पाकिस्तानी सेना ने मनकोट सेक्टर में गोलाबारी शुरू की। घरों में सो रहे लोग गोलों के धमाकों की आवाजें सुन कर जाग गए और सुरक्षित स्थानों पर जा छुपे। पाकिस्तानी सेना की तरफ से दागे गए दर्जनों मोर्टार नियंत्रण रेखा से सटे गांव बलनोई, घानी और दबराज में गिरे, जिससे गांव बलनोई में आधा दर्जन मवेशी घायल हो गए। उधर, दिन भर खामोश रहने के बाद पाकिस्तानी सेना ने शाम 5.15 बजे एक बार फिर पाकिस्तानी सेना ने कृष्णा घाटी में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर गोलाबारी की। शाम 6.45 बजे दोनों तरफ से गोलाबारी शांत हो गई।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने सात घंटे की गोलाबारी
हीरानगर। पाकिस्तान रेंजरों ने सोमवार रात को कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम को उल्लंघन कर गोलाबारी की। रात 10 बजे से लेकर मंगलवार सुबह 5 बजे तक पाकिस्तान की 25 चिनाब रेंजर्स ने पप्पु चक पोस्ट से गोलाबारी कर बीएसएफ की करोल मात्रयां चौकी व उसके साथ लगते रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने भी पाकिस्तान की इस हरकत का करारा जवाब दिया।