पुंछ। पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को जिले के मनकोट, कसबा, कीरनी और शाहपुर सेक्टर में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों में गोलाबारी की। हल्के हथियारों से गोलाबारी की शुरुआत करने के बाद सीमापार से बाद में मोर्टारों दागे गए। इस दौरान खेतों में काम कर रहे और पशु चरा रहे लोगों ने सुरक्षित ठिकानों में छिपकर जान बचाई। सेना ने भी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस दौरान किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6 बजे पाकिस्तानी सेना ने मनकोट सेक्टर में गोलाबारी शुरू कर दी। जोकि डेढ़ घंटे तक जारी रही। उसके बाद पाकिस्तानी सेना ने सुबह 9 बजे कस्बा, कीरनी और शाहपुर सेक्टर में भी बड़े हथियारों से गोलाबारी शुरू कर दी। जिस समय गोलाबारी शुरू हुई उस दौरान नियंत्रण रेखा से सटे खेतों में कुछ लोग काम कर रहे थे।