पुंछ। पाकिस्तानी सेना ने वीरवार को देर शाम तीसरे दिन भी नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए बालाकोट और मेंढर सेक्टर में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों में मोर्टार से गोलाबारी की। इससे नियंत्रण रेखा से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन कर गया। सेना की तरफ से भी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया गया। गोलाबारी की आवाजें कई किलोमीटर तक सुनाई दी।
जानकारी के अनुसार वीरवार देर शाम करीब आठ बजे पाकिस्तानी सेना ने मेंढर सब डिवीजन के बालाकोट और मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर गोलाबारी की। पाकिस्तानी सेना ने यूनिवर्सल मशीनगन से नियंत्रण रेखा के अग्रिम क्षेत्रों में गोलीबारी करने के साथ ही 120 एमएम के मोर्टार दागने शुरू कर दिए। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत बन गई। लोग जान बचाने के लिए घरों और बंकरों में शरण लेने का मजबूर हो गए। पाकिस्तानी सेना की इस नापाक हरकत का सेना की तरफ से भी उसी क्रम में जवाब दिया गया। इसके चलते समाचार लिखे जाने तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी रही।