मेंढर/पुंछ। मेंढर तहसीलदार ने कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों की अवमानना करने वाले के खिलाफ केस करवाने के आदेश दिए हैं। प्रदेश में लगातार संक्रमण बढ़ने को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से कई प्रकार की एसओपी जारी की गई है।
शुक्रवार को तहसीलदार ने एसएचओ को आदेश जारी कर कहा है कि राजस्व विभाग और पुलिस टीम नगर में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए किए जा रहे उपायों की जांच कर रही थी। इस दौरान सरिया मार्केट स्थित कृष्णा इलेक्ट्रानिक के मालिक सोनू शर्मा को जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों का उल्लंघन करते पाया गया। जब कारोबारी पर जुर्माना लगाया गया तो उसने इसे देने से इनकार कर दिया। इसके अलावा किसी भी निर्देश को मानने से मना कर दिया। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर इसकी रिपोर्ट तहसीलदार कार्यालय में दी जाए। देर रात आरोपी के खिलाफ धारा 188 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
जिला प्रशासन ने उलेमाओं के साथ की बैठक
राजोेरी। जिले में चलाए जा रहे कोरोना टीकाकरण अभियान के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए शुक्रवार को उपायुक्त राजेश शवन की निगरानी में स्वास्थ्य विभाग ने उलेमाओं के साथ बैठक की। डा. परवीन योगराज ने टीकाकरण अभियान के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दी। इसमें बचाव के तरीके भी बताए गए। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन जिले में कोरोना महामारी को कम करने के लिए सभी संभव उपाय कर रहा है। जिले में कोविड मामलों की संख्या में वृद्धि के चलते मेहनत को दोगुना करना है। इसमें जनता का सक्रिय सहयोग चाहिए। उपायुक्त ने उलेमाओं से आग्रह किया कि वह पहले स्वयं टीकाकरण करवाएं। इसके बाद दूसरों को इसके बारे में जागरूक करें। उन्होंने आम जनता के बीच बड़े पैमाने पर जागरूकता पैदा करने के लिए कहा। कोरोना वायरस संक्रमण से सुरक्षित रहने और जिले में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान को लेकर अपने क्षेत्रों में कोविड सैंपल और टीकाकरण अभियान को 100 प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
सेना ने कोरोना टीकाकरण के लिए किया जागरूक
राजोरी। कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। बुद्धल इलाके में राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन ने 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी लोगों से टीका लगवाने को कहा। इसके अलावा गंभीर बीमारी से ग्रस्त लोग अवश्य टीका लगवाएं, जिससे खुद को, समाज को और परिवार को इस महामारी से सुरक्षित रखने में प्रशासन का सहयोग मिल सके। सेना ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि टीके के प्रति फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें। टीकाकरण के बाद भी दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी, इस नियम का पालन करें। जागरूकता अभियान में सेना ने लोगों को बताया कि कोरोना टीकाकरण के संबंध में तरह-तरह की भ्रांतियां फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रत्येक वार्ड तथा प्रत्येक ग्राम तक टीकाकरण का सही संदेश पहुंचाया जायेगा । कोरोना वैक्सीन पूरी तरह से कारगर तथा सुरक्षित है और लोगों को बढ़ चढ़ कर टीकाकरण के लिए सामने आना चाहिए।