पुंछ। पाकिस्तानी सेना की तरफ से एलओसी से सटेरिहायशी इलाकों में की जा रही गोलाबारी का जहां भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। वहीं जिले में तैनात जम्मू कश्मीर पुलिस भी गोलाबारी के दौरान पूरी तरह सक्रिय हो जाती है। गोलाबारी की सूचना मिलते ही पुलिस के जवान और अधिकारी बुलेटप्रूफ गाड़ियां लेकर पहुंच जाते हैं और फंसे लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाती है। गोलाबारी में घायलों को भी इन्हीं बुलेटप्रूफ गाड़ियों में अस्पताल पहुंचाया जाता है। इतना ही नहीं गोलाबारी के दौरान पुलिस प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त भी करती है ताकि पीड़ित लोगों की मदद की जा सके।
बुलेटप्रूफ गाड़ियों के साथ चलने वाले पुलिस जवानों एवं अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही उन्हें पाकिस्तानी सेना की तरफ से गोलाबारी किए जाने की सूचना मिलती है तो वह गाड़ियों के साथ उस क्षेत्र में पहुंच जाते हैं।
लोगों ने कहा, हमारे लिए वरदान हैं बुलेटप्रूफ गाड़ियां
उधर गोलाबारी प्रभावित क्षेत्रों के लोगों का कहना है कि पुलिस की ये बुलेटप्रूफ गाड़ियां उनकी जान बचाने के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं क्योंकि गोलाबारी के दौरान सबसे बड़ी समस्या गोलाबारी में फंसे अथवा घायल होने वालों को सुरक्षित निकालने की होती है जिसे पुलिस और उसकी ये गाड़ियां दूर कर देती हैं।