पुंछ। लगातार दूसरे वर्ष भी पुंछ एवं राजोरी जिलों के शिवभक्त श्री बूढ़ा अमर नाथ में दर्शन पूजन करने से वंचित रहे। शिव भगतों का कहना है कि न जाने क्यों भोलेनाथ नाराज हैं, जो दो वर्षों से न तो श्रावण महीने में छड़ी यात्रा में शामिल होने का मौका मिल रहा न ही रक्षाबंधन में दर्शन और पूजन कर पा रहे।
पुंछ निवासी ममता शर्मा, सीमा शर्मा, राकेश कुमार, अजीत कुमार, हरदेव लाल, राज कुमार आदि का कहना है कि हम लोग पिछले कई वर्षों से लगातार श्रावण के महीने में करीब-करीब हर सोमवार को श्री बूढ़ा अमरनाथ में भगवान शंकर का दर्शन पूजन करने आते थे। लेकिन पिछले वर्ष 370 और 35ए हटाए जाने के कारण लगाए गए कर्फ्यू के कारण हम लोगों को न तो श्रावण के सोमवार को पूजा करने न ही छड़ी मुबारक यात्रा में शामिल होने का मौका मिला। वहीं, इस बार कोरोना संक्रमण के कारण जारी लॉकडाउन के हमें भगवान भोले नाथ के दर्शन पूजन का मौका ही नहीं मिल पा रहा है। उधर शनिवार को भी छड़ी यात्रा में केवल साधू संतों को ही जाने का मौका मिला। इस कारण श्री बूढ़ा अमरनाथ मंदिर प्रांगण और मंदिर सुनसान रहा, क्योंकि प्रशासन की तरफ से जारी पाबंदियों के चलते पुंछ मंडी मार्ग पर चकतरो के आगे किसी को बढ़ने की इजाजत नहीं दी गई।