सातवें जत्थे में शामिल 400 श्रद्धालु पहुंचे पुंछ
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। विश्व हिंदू परिषद बजरंग की तरफ से बूढ़ा अमरनाथ की राष्ट्रव्यापी यात्रा में मंगलवार को देश के विभिन्न भागों से छठे जत्थे में आए 500 श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के स्वयंभू शिवलिंग का जलाभिषेक किया। वहीं, देर शाम को जम्मू से निकला बूढ़ा अमरनाथ यात्रा का 400 श्रद्धालुओं का 7वां जत्था पुंछ नगर स्थित यात्रा मैदान पहुंचा।
यहां श्रद्धालुओं का स्वागत किया और उन्हें कई प्रकार के लजीज व्यंजन परोसे गए। गौरतलब है कि सोमवार देर शाम को पुंछ पहुंचे बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के छठे जत्थे ने रात को विश्राम करने के बाद सुबह दर्शन किए। विश्व हिंदू परिषद एंव बजरंग दल के पदाधिकारियों निशू गुप्ता, सौरभ सूदन, पंडित गोपाल कृष्ण, दीपक भल्ला की अगुवाई में साढ़े 8 बजे मंदिर परिसर में पहुंचे। यहां कतारों में लगकर अपनी बारी पर भगवान भोलेनाथ के स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन पूजन करने के बाद भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर जम्मू की तरफ लौट गए। बूढ़ा अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं अन्य पकवान बनाने में मंदिर समिति का सहयोग कर रहे हैं।
बीएसएफ के जवान बूढ़ा अमरनाथ मंदिर में हर दिन बाहरी राज्यों के साथ जम्मू कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर समिति के साथ ही दर्जनों की संख्या में स्वयंसेवी एवं धार्मिक संस्थाओं की तरफ से स्टाल लगाए गए हैं। मंदिर प्रांगण में तैनात बीएसएफ के दर्जनों जवान दिन में बारी बारी से पकवान पकाने में योगदान दे रहे हैं।