पुंछ कालेज मैदान में भूमि और त्रिशूल पूजन के साथ ही बूढ़ा अमरनाथ के स्वागत को लेकर चल रही तैयारियां पूरी हो गई हैं। पूजन के बाद सभी धार्मिक संगठनों ने देशभर से यात्रा पर आने वालों के लिए लगाए जाने वाले नि:शुल्क जलपान के स्टालों में अपना-अपना सामान पहुंचाना शुरू कर दिया है, ताकि मंगलवार देर शाम को पहुंचने वाले बूढ़ा अमरनाथ के श्रद्धालुओं को कई प्रकार के पकवान परोसे जाएं।
सोमवार की शाम को नगर स्थित कालेज मैदान में भूमि एवं त्रिशूल पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री निशू गुप्ता, बजरंग दल के जिला प्रधान सौरभ सूदन, शिवसेना हिंदुस्तान के जिला प्रधान ठाकुर भूपिंदर सिंह, निपुन खजूरिया आदि की अगुवाई में दर्जनों की संख्या में हिंदू संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। जहां पंडित रिंपल शर्मा ने वैदिक मंत्रों के बीच सर्वप्रथम भूमि पूजन करवाया।
इसके बाद करीब पचास फुट ऊंचे त्रिशूल का पूजन करवाने के बाद उसे भगवान शंकर के जयकारों के बीच कालेज मैदान के बीचों बीच स्थापित किया गया।
उधर इस बीच कालेज मैदान में यात्रियों के स्वागत के लिए मंच निर्माण, स्टालों के लिए शेड का निर्माण आदि सभी कार्य पूरे कर लिए गए हैं।
इस अवसर पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने अमर उजाला को बताया कि मंगलवार देर शाम करीब छह बजे बूढ़ा अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था पुंछ पहुंचेगा। इसका यहां कालेज मैदान में जिला प्रशासन और नगरवासियों द्वारा स्वागत किया जाएगा। साथ ही यहां यात्रियों के लिए विभिन्न संगठनों द्वारा करीब 15 स्टाल लगाए जा रहे हैं, जो हर दिन यात्रियों को विभिन्न प्रकार के पकवान परोसेंगे।