मंडी तहसील के गांव अजमाबाद में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हुए विस्फोट से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल बच्चाें को प्राथमिक उपचार देकर देर रात्रि जीएमसी जम्मू के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को लगभग शाम पांच बजे तहसील मंडी के पहाड़ी गांव अजमाबाद में कुछ बच्चे घर से कुछ दूरी पर खेल रहे थे।
इसी दौरान ग्रामीणों ने विस्फोट की आवाज सुनी। सभी तेजी से दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि वहां पर दो बच्चे मोहम्मद इमरान (11) और ताहिर रशीद (08) लहूलुहान हालत में बेहोश पड़े हैं।
तत्काल उन्हें उपजिला अस्पताल मंडी लाया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए पुंछ के राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल भेजा गया।
जानकारी मिलने पर मंडी पुलिस ने विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बच्चों को जिस प्रकार चोट आई हैं, उससे विस्फोट ग्रेनेड से होने की आशंका जताई जा रही है।