भाई बहन के प्यार का प्रतीक भाई दूज का पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु और सुख शांति के लिए प्रार्थना की।
शुक्रवार सुबह से ही बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाने के लिए तैयार बैठी थीं। तिलक लगाने का समय आते ही बहनों ने बढ़े उत्साह व प्रेम के साथ तिलक लगाया व भाइयोें की आरती उतारी। तिलक लगाकर भाई की लंबी आयु के साथ जीवन में हर प्रकार की सफलता के लिए भगवान से प्रार्थना की।
भाईयों ने भी इस अवसर पर अपनी बहनों को आशीर्वाद के साथ उपहार दिए। सदैव बहनों की रक्षा तथा प्रेम व स्नेह के साथ हर सुख दुख में बहनों का साथ देने के वचन के साथ भाइयों ने बहनों को आशीर्वाद दिए तथा बहनों की लंबी आयु की कामना की।
बताया जाता है कि यदि भाई बहन के हाथ का बनाया भोजन करे तो उससे भाई की आयु में वृद्धि होती है तथा बहन के सौभाग्य की रक्षा होती है। इसी आशा एवं विश्वास के साथ भाइयों ने बहनों के हाथ भोजन ग्रहण भी किया।
मेंढर में भैया दूज के मौके पर अपने भाइयों के घर पहुंचीं पल्लवी चंदन, गुडि़या बाली, पलकी चंदन, प्रियंका चंदन, हीना चंदन, मानू कपूर आदि ने बताया कि उन्होंने इस पर्व के मौके पर भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उन्हें जीवन का सुरक्षा कवच पहनाया है। इस मौके पर उन्होंने भाइयों की लंबी उम्र के लिए भगवान से प्रार्थना की।