पुंछ। पुलिस की तरफ से जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार देर शाम को पुंछ-मेंढर मार्ग से हेरोइन के साथ तीन नशा तस्करों को धर दबोचा। उनके पास से दस ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
शनिवार देर शाम को एसएसपी रोहित बसकोत्रा और एएसपी मुशीम अहमद के निर्देश पर एसएचओ इंस्पेक्टर रंजीत सिंह राव और डीएसपी ऑपरेशन मनीष शर्मा की देखरेख में पुलिस की तरफ से पुलस्त नदी पर स्थित शेरे कश्मीर पुल के पास नाका लगाया गया । इस दौरान मेंढर की तरफ जा रही एक मोटरसाइकिल को रोका। उस पर तीन लोग सवार थे। पुलिस के रुकने का इशारा किए जाने के साथ ही वह भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। तलाशी में उनके कब्जे दस ग्राम हेरोइन बरामद हुई। और उन्हें थाने में पहुंचाया गया। उनकी पहचान सरफराज अहमद निवासी गोलाद मेंढर, मोहम्मद अलियास निवासी बलनोई मेंढर और मोहम्मद इरफान निवासी बलनोई मेंढर के रूप में हुई है। नशा तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।