मेंढर/पुंछ। सेना की मेंढर गनरस ने भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के करीब स्थित गर्ल्स मिडिल स्कूल मनकोट में चिकित्सा शिविर लगाया। दूरदाराज एवं नियंत्रण रेखा के करीब रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करवाना इस शिविर का उद्देश्य था। इसमें बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सेना के चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों से पीड़ित करीब दो सौ रोगियों की जांच करने के बाद उन्हें निशुल्क दवाइयां प्रदान की। चिकित्सकों ने शिविर में आने वाले लोगों के साथ ही स्कूल की छात्राओं में कोरोना से बचाव के लिए सैनिटाइजर और मास्क वितरित करने के साथ ही उन्हें सामाजिक दूरी अपनाने को कहा। बताया कि कोरोना से बचाव के लिए हाथों को लगातार साबुन से धोए। इसके अलावा टीकाकरण के लिए पंजीकरण करवाने के लिए आवेदन करने को कहा।
निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाने मनकोट के ग्रामीणों ने सेना का आभार जताया। जिले का दूर दराज एवं नियंत्रण रेखा से सटा क्षेत्र होने के कारण इलाके में स्वास्थ्य सेवाएं नाममात्र की हैं। ऐसे में इस शिविर से लोगों को लाभ मिला है।