पुंछ। मेंढर के गांव पठानतीर में रविवार को संदिगध परिस्थितियों में किराना की एक दुकान में आग लग गई। इससे उसमें रखा लाखों रुपये का सामान जल कर राख हो गया। दूर दराज का इलाका होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर नहीं पहुंच पाई। ग्रामीणों ने कड़े प्रयासों से आग पर काबू पाया। पीड़ित दुकानदार ने मेंढर थाने में शिकायत में बताया कि दुकान को किसी ने जानबूझ कर आग लगाई है।
गांव पठानातीर निवासी सेवानिवृत्त सैनिक इम्तियाज अली खान पुत्र जुल्फकार अली खान की किराना की दुकान में सुबह करीब 1.35 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इसका पता चलने पर पीड़ित परिवार की तरफ से शोर मचाए जाने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और कड़े प्रयास से आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान राख हो गया। जो सामान बचाया गया वह भी आग से झुलसा हुआ था। आग की दुर्गंध आने के कारण वह भी बेकार हो गया है। गांव के लोगों ने आग लगने की घटना की जांच कर दोषियों को सजा देने और पीड़ित दुकानदार की वित्तीय सहायता करने की मांग की है।