पुंछ के शंकर नगर चोराहे पर पलटा राशन से लदा हुआ ट्रक
- फोटो : POONCH
पुंछ। नगर के शंकर नगर चौराहे पर बुधवार सुबह राशन से लदा एक ट्रक चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क में पलट गया। ट्रक सड़क किनारे स्थित एक होटल से जा टकराया। इससे होटल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक फरार हो गया। लोगों ने ट्रक के सह चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब दो बजे राशन लेकर पुंछ पहुंचा ट्रक नंबर जेके 02 एपी 2775 जब शंकर नगर चौराहे से मोड़ काट रहा था। इस दौरान चालक के नियंत्रण से बाहर होकर ट्रक सड़क पर पलट गया, और ट्रक एवं उसमें लदा राशन सड़क किनारे स्थित होटल से जा टकराया और होटल की कांच और एल्यूमीनियम की फिटिंग सेे बना शटर, फर्नीचर एवं अन्य सामान टूट गया। हादसे के बारे में होटल के मालिक मुमताज अहमद का कहना है कि रात करीब दो बजे हम होटल की ऊपरी मंजिल में सो रहे थे। होटल में काम करने वाले लड़के होटल के पिछले हिस्से में सो रहे थे। तभी जोरदार आवाज आई। इससे पहले की हम बाहर निकलते होटल में सो रहे लड़के शोर मचाते हुए बाहर निकले और जब हम नीचे आए तो देखा यह ट्रक पलटा हुआ था और होटल क्षतिग्रस्त था। बिजली की तारें टूटने से इलाके में करंट दौड़ रहा था। हमने पावर हाउस में फोन कर बिजली बंद कराई और ट्रक के पास मौजूद सह चालक को पुलिस के हवाले किया।