पुंछ। मंडी तहसील के गांव नेड़ियां हाड़ीबुड्डा में रीछ के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे परिजनों एवं ग्रामीणों ने रीछ से छुड़वा कर अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उसकी पहचान इश्तियाक लतीफ पुत्र अब्दुल लतीफ निवासी गांव नेड़ियां हाड़ीबुडडा तहसील मंडी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार करीब नौ बजे गांव नेड़ियां हाड़ीबुडडा निवासी अब्दुल लतीफ का पुत्र इश्तियाक लतीफ घर से जरूरी काम हेतु गांव के बाहर जाने के लिए निकला था। कुछ ही दूरी पर पहुंचते ही एक रीछ ने उस पर हमला कर दिया। उसने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसे सुन कर आसपास मौजूूद लोगों और परिजनों ने लाठियों और पत्थरोें से रीछ पर हमला कर उसे भगाया और घायल को उप जिला अस्पताल मंडी पहुंचाया। रीछ हमले में घायल के परिजनों एवं ग्रामीणों का कहना है कि उनके इलाके में आए दिन रीछ ग्रामीणों और मवेशियों पर हमले करते हैं। कई मवेशी मारे गए हैं और कई लोगों दिव्यांग हो गए हैं, परन्तु वाइल्ड लाइफ विभाग वाले कुछ नहीं करते हैं।