पुंछ जिले में मुगलरोड पर पोशाना क्षेत्र में खाई में गिरा तेल टैंकर
- फोटो : POONCH
पुंछ। जिले को कश्मीर से जोड़ने वाली मुगल रोड पर कश्मीर से पुंछ-राजोरी के रास्ते जम्मू की तरफ जा रहा एक खाली तेल टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो कर करीब तीन सौ मीटर खाई में जा गिरा। हादसे में टैंकर के परखच्चे उड़ गए। उसके चालक एवं सह चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना का पता चलने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ कड़े प्रयास से शवों को निकाल कर सुरनकोट उप जिला अस्पताल पहुंचाया। इनमें चालक की पहचान तरविंदर सिंह (35) पुत्र हरजीत सिंह निवासी मीरां साहिब जम्मू और चह चालक मंगल सिंह (25) पुत्र हरिराम निवासी बग्गर डोडा के रूप में हुई है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर शवों को मृतकों के घर भेज दिया है। इस बारे में एसएसपी रमेश अंगराल का कहना है कि कश्मीर की तरफ से मुगल रोड के रास्ते जम्मू की तरफ लौट रहा टैंकर नंबर जेके 02 सीएच 2592 पोशाना क्षेत्र में खाई में जा गिरा। इससे उसमें सवार चालक और सह चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।