पुंछ। मंडी तहसील में मंडी-पुंछ मार्ग पर गांव सेकलू में एक तेज रफ्तार टिप्पर ने एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उप जिला अस्पताल मंडी में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान सूरम चंद (25) पुत्र रमेल चंद निवासी उधमपुर और घायल की पहचान हेमराज (24) पुत्र शंकर दास निवासी गांव पंचैरी उधमपुर के रूप में हुई है। टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब पांच बजे मंडी तहसील के गांव सेकलू में मोटरसाइकिल नंबर जेके 02 एजे 9048 को सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार टिप्पर ने टक्कर मार दी। हादसे का पता चलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो चुकी थी और दूसरे को गंभीर रूप से घायल हालत में उपजिला अस्पताल मंडी पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने पर मंडी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव का पंचनामा भर कर उसे कब्जे में लेकर मंडी उपजिला अस्पताल पहुंचाया और अज्ञात टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब है कि तीन दिन में जिले में यह दूसरा सड़क हादसा है। इसमें दो बाइक सवारों की मौत हो चुकी है और दो गंभीर रूप से घायल अस्पताल में पड़े हैं। लोगों का आरोप है कि टिप्पर चालक सड़क पर तेज रफ्तार से चलते हैं और अन्य वाहनों को वह कुछ भी नहीं समझते हैं, जिसके कारण इस प्रकार के हादसे हो रहे हैं। इन पर लगाने की जरूरत है।