पुंछ। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों से नगर स्थित सबसे बड़ा अस्पताल राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल भी अब अछूता नहीं रहा है। अस्पताल के कई कर्मचारी आए दिन कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं। शनिवार को 15 के करीब कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अस्पताल प्रशासन की तरफ से ओपीडी सहित कई विभागों पर ताले लगा कर उनको अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। ताकि अस्पताल के अन्य कर्मचारियों और आने वालों को संक्रमित होने से बचाया जा सके।
अस्पताल के कई विभागों को बंद किए जाने की पुष्टी करते हुए मेडिकल सुपरिंटेंडेंट शमीम उन निस्सा बट्टी का कहना है कि हमने अपने कर्मचारियों के रैपिड एंटीजन टेस्ट कराए, जिसमें कई कर्मचारी संक्रमित पाए गए। इसके बाद हमने अस्पताल की ओपीडी, डायलिसिस, एक्स-रे, रेडियालॉजी विभाग के साथ ही मेरे कार्यालय और एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाक को पूरी तरह बंद करा दिया है। सभी विभागों की सैनिटाइजेशन कराई है। हम नहीं चाहते कि हमारे यहां से किसी में कोरोना का संक्रमण पहुंचे। इसलिए उपरोक्त विभागों को बंद किया गया है। हमारे डायलिसिस विभाग में एक नर्स और एक सफाई कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। एक्स-रे में पांच कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। ओपीडी में भी काफी कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं।