पुंछ। सुरनकोट बस अड्डे के पास मनियारी की दुकान में मंगलवार की रात को शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे दुकान पूरी तरह जल कर राख हो गई। हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये की कीमत का सामान जल गया। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल गाड़ी आई, लेकिन उसमें पानी की एक बूंद भी नहीं थी। इस पर लोगों ने फायर ब्रिगेड के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गाड़ी को वापस भेज दिया। इसके बाद पीएचई के टैंकर ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया और आसपास की दुकानों को भी राख होने से बचाया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात सुरनकोट बस अड्डे के पास स्थित अब्दुल मजीद की मनियारी की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस बीच कुछ लोगों ने घरों से बाजार में आग की लपटें उठती देखीं और शोर मचाते हुए दौड़ते हुए बाजार पहुंचे। आनन-फानन में लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कड़े प्रयास से आग पर काबू पाया। आग पर काबू पाए जाने तक अब्दुल मजीद की दुकान पूरी तरह जल कर राख हो गई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। लोगों ने फायर ब्रिगेड के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए कहा है कि सुरनकोट में जब भी कोई आग की घटना होती है तो फायर ब्रिगेड की गाड़ी में पानी ही नहीं होता है। लोगों ने फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के खिलाफ इस प्रकार की लापरवाही को लेकर कार्रवाही की जानी चाहिए।