पुंछ जिले की मंडी तैहसील के गांव अजमांबाद में दुरघटना्ग्रस्त टाटा मैजिक आटो
- फोटो : POONCH
पुंछ। मंडी तहसील के गांव अजमाबाद से मंडी की तरफ आ रहा यात्रियों से भरा एक टाटा मैजिक आटो रविवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़कके नीचे खेतों में पलट गया। इससे उसमें सवार आठ यात्री मामूली तौर पर घायल हो गए। उनको लोगों ने उप जिला अस्पताल मंडी पहुंचाया। जहां जांच के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर को मंडी तहसील मुख्यालय के निकटवर्ती गांव अजमाबाद से टाटा मैजिक आटो नंबर जेके 12 ए 6269 मंडी की तरफ आते समय गांव के बाहर चालक के नियंत्रण से बाहर होकर खेतों में जा गिरा, और पेड़ों में फंस गया। इससे किसी भी यात्री को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने इस बात का आरोप लगाया कि तहसील ग्रामीण क्षेत्रों में यात्री वाहन चालकों द्वारा नियमों से खुलेआम खिलवाड़ किया जाता है। उन पर रोक लगाने वाला कोई अधिकारी नहीं है। आज जो हादसा हुआ है वह भी ओवर लोडिंग के कारण हुआ है। चालक के पास लाइसेंस भी नहीं था। लोगों ने उपायुक्त से नियमों से खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।