पुंछ जिले के कृष्णाघाटी के जंगल में लगी आग और काबू पाने के प्रयास में वनाधिकारी
- फोटो : POONCH
पुंछ। कुछ दिनों में जिले भर में जंगलों में लगने वाली आग की घटनाओं में बढ़ोतरी हो गई है। हर दिन कहीं न कहीं बड़े क्षेत्र में आग भड़क उठती है। इस पर काबू पाने के लिए वन विभाग, ग्रामीण, दमकल विभाग और सेना के जवान कड़ी मशक्कत करते हैं, लेकिन अभी एक तरफ की आग पर काबू पाने का काम पूरा नहीं होता है। तो दूसरी तरफ आग लगने की सूचना पहुंच जाती है।
सोमवार शाम को ही जिले के कृष्णा घाटी, मंगनाड़ टाप, सलोत्री, नरोल और कनूईयां टप के जंगलों में एक साथ आग लग गई। इसको काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। उधर जंगलों में लगातार लग रही आग की घटनाओं में वन संपदा और वन्य पशुओं को हानि हो रही है, जबकि इस मामले को लेकर जिला वनाधिकारी सुरेश मांडा का कहना है कि जंगलों में आग लगने की घटनाआें को लेकर हमने अभी तक करीब दस एफआईआर दर्ज कराई है, और कर्मचारी एवं अधिकारी आग लगने की घटनाओं की जांच भी कर रहे हैं। दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी तरफ जंगलों में दिन प्रतिदिन आग की घटनाओं में हो रही बढ़ोतरी को लेकर लोगों में भी रोष है, जिसे लेकर अमित शर्मा, सतविंदर पाल सिंह, सुनील कुमार, इम्तियाज सलारिया आदि का कहना है कि इसकी जांच की जानी चाहिए, क्योंकि कोई न कोई साजिश है, जिसके अंतर्गत जंगलों में आग की वारदातें हो रही हैं।