पुंछ। वीरवार को बुधवार की ही तरह जिले में भारत-पाक नियंत्रण रेखा पर बनी चक्कां दा बाग की राहें मिलन के रास्ते पुंछ और पाक अधिकृत क्षेत्र के बीच क्रास एलओसी ट्रेड हुआ। इसमें करीब 1 करोड़ 16 लाख 63 हजार 585 रुपये का सामान लेकर 21 भारत-पाक ट्रक नियंत्रण रेखा के आर-पार हुए।
वीरवार को जिले में चक्कां दा बाग की राहें मिलन के रास्ते क्रास एलओसी ट्रेड हुआ, जिसमें सर्वप्रथम जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित क्रास एलओसी ट्रेड सेंटर में सुरक्षा जांच के बाद सामान से लदे 4 भारतीय ट्रकों चक्कां दा बाग की राहें मिलन तक ले जाया गया। करीब 11.35 बजे राहें मिलन के गेट खुलने पर सबसे पहले भारत व पाक अधिकारियों ने एक दूसरे से हाथ मिलाया, जिसके बाद 4 भारतीय ट्रक, जिनमें भारतीय मुद्रा में करीब 17 लाख 97 हजार 980 रुपये का सामान जीरा व लाल मिर्च लदी हुई थी। इसे लेकर यह ट्रक राहें मिलन कर पीओके पहुंचे। इस अवसर पर पीओके से 17 पाकिस्तानी ट्रक, जिनमें पाक मुद्रा में करीब 98 लाख 65 हजार 605 रुपये मूल्य का सामान जड़ी-बूटी व आम लदा हुआ था, लेकर भारतीय क्षेत्र में क्रास एलओसी ट्रेड सेंटर पहुंचे। इस बीच देर शाम करीब 6.25 बजे दोनों तरफ के ट्रक अपना-अपना सामान उतारकर नियंत्रण रेखा के पार अपने-अपने क्षेत्रों में लौट गए और राहें मिलन बंद कर दी गई।