पुंछ। दिवाली के मौके पर लाइन आफ कंट्रोल पर भारत और पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों ने एक-दूसरे से गले लग उन्हें दिवाली की मुबारकबाद दी।
इस दौरान दोनों ओर से मिठाइयों का अदान-प्रदान हुआ। साथ ही दोनों देशोें के बीच आपसी संबंध मजबूत होने और नजदीकियां बढ़ने की प्रार्थना भी की गई। जिला मुख्यालय से करीब 13 किलो मीटर दूर एलओसी स्थित चक्का दा बाग के राह-ए-मिलन पर भारतीय सैन्य अधिकारियों के आग्रह पर सुबह 11.35 बजे द्वार खोला गया। जहां पर भारतीय सेना की 93वीं इंफेट्री ब्रिगेड के अधीनस्थ सेना की 21वीं बिहार रेजीमेंट के पांच अधिकारी मेजर सुशील मन्हास और कैप्टन सोमेश के साथ राहे मिलन के गेट पर पहुंचे। जबकि उस पार से पाक सेना की 653 बलोच रेजीमेंट के उप कमांडिंग अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल जिया अपने साथी मेजर फैजल, यासिर, कैप्टन नवाज और कैप्टन शरीफ के साथ पहुंचे।
इस दौरान दोनों ओर के सैन्य अधिकारियों ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का स्वागत किया। पहले पाक सैन्य अधिकारियों ने भारतीयों को बधाई देते हुए मिठाइयां दीं। इसके बाद भारतीय सैनिकों ने शुक्रिया अदा करते हुए पाक सैन्य अधिकारियों को मिठाई दी। करीब 10 मिनट तक राहे मिलन पर दोस्ताना माहौल के बाद 11.45 बजे एलओसी पर द्वार को बंद कर दिया गया।