पुंछ। जिले की मंडी तहसील मुख्यालय के आलपीर मोहल्ला निवासियों ने पिछले कई दिनों से जला हुआ बिजली का ट्रांसफार्मर बदले न जाने को लेकर रोष प्रकट किया। उन्होंने मंडी-सावजियां सड़क जाम कर घंटों बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इससे मार्ग पर चलने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान मोहल्ला निवासियों ने इस बात का आरोप लगाया कि बार-बार सूचित किए जाने और ट्रांसफार्मर बदले जाने की गुहार लगाने के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। इसके चलते हमें यह कदम उठाना पड़ा है। प्रदर्शनकारियों ने इस बात की चेतावनी दी कि यदि अगले 24 घंटे में नया ट्रांसफार्मर न लगाया गया तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे। इस बीच मंडी के थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर प्रदर्शनकारियों से बात कर उनकी मांग को बिजली विभाग के जिला अधिकारियों तक पहुंचाने और शनिवार शाम तक दूसरा ट्रांसफार्मर लगवा कर बिजली सप्लाई बहाल करवाने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त करवाया।