पुंछ। सुरनकोट तहसील में कश्मीर की तरफ बक्करवालों को लेकर कर जा रही एक टाटा मोबाइल गाड़ी बफलियाज क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगां ने उपजिला अस्पताल सुरनकोट पहुंचा। वहां पर एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल राजोरी रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों की पहचान मोहम्मद फारूक (33) पुत्र मोहम्मद जोहान, मोहम्मद मुश्ताक (25) पुत्र अब्दुल लतीफ, मोहम्मद यासीन (85) पुत्र मोहम्मद शालू और अलताफ हुसैन (22) पुत्र जाबी सभी निवासी शिवखोड़ी रियासी के रूप में हुई है। इसके अलावा पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार और टाटा मोबाइल की टक्कर में कार चालक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 11 बजे रियासी जिले के शिवखोड़ी क्षेत्र से बक्करवाल परिवार को मुगलरोड के रास्ते कश्मीर स्थित डोक की तरफ ले जा रही टाटा मोबाइल (जेके 02 एडी 6286) बफलियाज क्षेत्र के दोरानड़ में अनियंत्रित हो कर सड़क से लुढ़क गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों ने उपजिला अस्पताल सुरनकोट पहुंचाया। वहीं वाहन को काफी नुकसान हुआ है। सुरनकोट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, दोपहर बाद जिले की मेंढर तहसील में पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर भाटा दूड़िया क्षेत्र में एक टाटा मोबाइल और कार में भिड़ंत होने से कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पहचान शौकत हुसैन पुत्र शम्मस दीन निवासी गांव गूंथल तहसील सुरनकोट के रूप में हुई है। घायल को भाटा दूड़ियां प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में उपचार प्रदान किया गया।