पुंछ। जिले के मंडी कस्बे में सोमवार को धार्मिक संगठनों एवं व्यापार मंडल के आह्वान पर आहुत बंद शांतिपूर्ण रहा। इस दौरान बाजार, बैंक और सभी प्रकार के व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। सड़कों से यात्री एवं माल ढोने वाले वाहन भी नदारद रहे। इसके चलते आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान क्षेत्र में धारा 144 लगी होने से कहीं पर भी किसी प्रकार का धरना-प्रदर्शन आयोजित नहीं किया गया। इस दौरान दोपहर बाद मंडी कस्बे स्थित एक धार्मिक स्थल के मैदान में दुकानदारों द्वारा 35-ए के समर्थन में एक बैठक का आयोजन किया। इसमें व्यापार मंडल के प्रधान शमीम अहमद गनेई की अगुवाई में दर्जनों दुकानदारों ने भाग लिया। गनेई ने कहा कि हम अनुच्छेद 370 और 35-ए में से किसी के साथ छेड़छाड़ नहीं करने देंगे। इस पर पूरे राज्य के लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। वैसे भी यह धारा जम्मू कश्मीर और हिंदुस्तान के बीच पुल का काम करती है। अगर यह पुल तोड़ दिया जाएगा तो जम्मू-कश्मीर का हिंदुस्तान के साथ कोई संबंध नहीं रहेगा।