अंबफला जिला जेल में शनिवार तड़के तीन बजे एक पाकिस्तानी कैदी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पाकिस्तान के जिला सियालकोट के रहने वाले शौकत अली ने अपनी लुंगी से फंदा बनाया और बैरक के अंदर लोहे की ग्रिल से लटक आत्महत्या कर ली।
पेशावर तहसील के गांव सैल जतान निवासी शौकत (42) को 12 दिसंबर 2011 में अरनिया सेक्टर में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ ने पकड़ा था।
पुलिस ने शौकत के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। तब से शौकत जिला जेल में ही कैद था।
शौकत की 25 फरवरी को कोर्ट में तारीख भी थी। डीजीपी जेल के राजेंद्रा ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।
बताते हैं कि शौकत मानसिक रूप से भी बीमार था। हालांकि, अभी तक उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। जिस बैरक में शौकत ने फंदा लगाया है उस बैरक में पाकिस्तान और बांग्लादेश के अन्य कैदी भी हैं।