सुरक्षा बलों ने सुरनकोट तहसील में एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर 19 हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। आशंका जताई जा रही है कि आतंकी इनके जरिए जिले में सुरक्षा बलों पर हमला करने की साजिश रच रहे थे। जिस स्थान से यह हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं वह पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के करीब है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर को सेना की 16 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), पुलिस और एसओजी ने एक सूचना के आधार पर जिले की सुरनकोट तहसील के फागला क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों को फागला जंगल के निकट एक चट्टान के नीचे पॉलिथीन में छुपा कर रखे गए 19 हैंड ग्रेनेड मिले। जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आतंकी ठिकाने से बरामद सभी हैंड ग्रेनेड नए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इनका इस्तेमाल सुरक्षाबलों पर आतंकी हमले में किया जाना था। सुरनकोट तहसील के अधिकतर क्षेत्र वर्ष 2004 से पहले आतंकियों के गढ़ थे। सुरक्षा बलों ने कड़ी मेहनत के बाद इस इलाके से आतंकियों का सफाया कर दिया था। घाटी में सख्ती के बाद अब दहशतगर्द नए सिरे से नेटवर्क खड़ा करने की साजिश रच रहे हैं।