कश्मीर में फिलहाल रेल श्रीनगर बनिहाल के बीच चल रही है।
- फोटो : Getty Images (File)
डिविजनल कमिश्नर कश्मीर डा. असगर हस्सन समून ने वीरवार को श्रीनगर में बैठक करके कश्मीर घाटी में रेल सेवा की समीक्षा की और रेलवे अधिकारियों और रेलवे पुलिस को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। कश्मीर में रेल सेवा को बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में डीसी श्रीनगर, चीफ एरिया मैनेजर, डिप्टी डायरेक्टर टूरिज्म, एसीआर बड्गाम, डिप्टी डायरेक्टर प्लानिंग व अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया। डिवकाम ने बताया कि कश्मीर में बढ़ रही यात्रियों और पर्यटकों की भीड़ की समस्या को देखते हुए 26 बोगियां और छह रेल इंजन कश्मीर में पहुंचाए जा चुके हैं।
जल्द ही यात्रियों की सुविधा के लिए इनको चलाया जाएगा। डिवकाम ने बताया कि सुबह और शाम के समय रेल सेवा को बेहतर बनाने के लिए विशेष तौर पर जोर दिया जा रहा है। ट्रेनों में महिलाओं को सीट उपलब्ध करवाने, स्टेशन से बस स्टैंड तक यात्रियों को यात्री वाहनों की व्यवस्था करने पर विशेष तौर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं रेलवे के अधिकारियों ने डिवकाम को बताया कि सीमित स्टाफ वाली कुछ नई ट्रेनें अप्रैल में शुरू की जाएगी। वहीं डिवकाम ने रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ट्रेनों के रद्द होने पर यात्रियों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष तौर पर जोर दिया जाए।
रेलवे पुलिस को स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा टिकटों की बिक्री पर पारदर्शिता लाने को कहा।