एम्स और बीएड के मुद्दे पर बुधवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुखर्जी चौक पर मोदी सरकार का पुतला जलाया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर जम्मू संभाग के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के सचिव उमाशंकर पांडे और अध्यक्ष प्रणव शगोत्रा ने किया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने जम्मू संभाग के लोगों और खासकर युवाओं के साथ विश्वासघात किया है। कश्मीर और जम्मू संभाग के बीच भेदभाव की नीति अपनाई जा रही है। केंद्र सरकार और जम्मू के मंत्रियों ने कश्मीर के हुक्मरानों के आगे घुटने टेक दिए हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी छप्पन इंच के सीने की बात करते हैं, लेकिन यह सब चुनावी जुमले हैं, जो लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए इस्तेमाल किए गए। कश्मीर में सरेआम पाकिस्तान और आईएसआईएस के झंडे लहराए जा रहे हैं और सरकार तमाशा देख रही है।
सीमा पर लगातार सीजफायर का उल्लंघन हो रहा है और केंद्र सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है। मोदी सरकार की नाकामी साफ दिखाई दे रही है।
युवा कांग्रेस के सतीश शर्मा, परमजीत सिंह, पंकज शर्मा, विनय कुमार, राजीव गुप्ता आदि ने कहा कि जम्मू संभाग को एम्स के नाम पर ठगा गया है। वहीं, एक ही राज्य में बीएड कोर्स के लिए दो तरह से मानदंड अपनाए जा रहे हैं। कश्मीर में एक वर्ष और जम्मू में दो वर्ष का बीएड करके युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया है।