बाॅयज हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ में एनसीसी की ओर से किया गया योग शिविर का आयोजन।
कठुआ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उत्साहपूर्ण आयोजन की तैयारी की जा रही है। इसके लिए मॉडल बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल में योग सत्र का आयोजन किया गया।
स्कूल के प्रधानाचार्य ताराचंद शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित सत्र में स्कूल से संबद्ध चार जेएंडके बटालियन एनसीसी जम्मू के सीनियर और जूनियर डिवीजन के एनसीसी कैडेट्स ने योगाभ्यास किया।
एचएस परलीवंड कठुआ में योग मास्टर सुनीता वर्मा ने योग सत्र का संचालन करते हुए अपनी विशेषज्ञता से प्रतिभागियों को एक सुव्यवस्थित और ऊर्जावान योग दिनचर्या के साथ जोड़ा। इस ज्ञानवर्धक सत्र में सभी प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे आयोजन में उत्साह और रुचि का माहौल बना रहा।
इस कार्यक्रम में कुल 112 एनसीसी कैडेट्स, दो एसोसिएट एनसीसी अधिकारी और सात स्टाफ सदस्य शामिल हुए। विद्यालय परिसर में अनुशासन, एकता, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति समर्पण का अनूठा उदाहरण देखने के लिए मिला।
कैडेट्स और स्टाफ के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानाचार्य तारा चंद शर्मा ने प्राचीन भारतीय योग परंपरा को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। उन्होंने इसके लाभ बताकर इसे दैनिक जीवन में शामिल करने का आह्वान किया। इससे साधक का जीवन अधिक स्वस्थ, संतुलित और उत्पादक बन सकता है। उन्होंने शारीरिक व्यायाम और जीवनशैली के रूप में नियमित रूप से योगाभ्यास जारी रखने के लिए कैडेट्स को प्रेरित किया।